झांसी। डीआरएम कार्यालय में बृहस्पतिवार को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में सदस्यों ने कई अहम सुझाव रखे। सदस्यों ने ओवरब्रिज का काम जल्दी पूरा करने की मांग रखी।
बैठक में सदस्य जवाहर लाल राजपूत ने सीपरी बाजार ओवरब्रिज के कार्य को जल्द से जल्द से पूरा करने व ग्वालियर-इंदौर एक्सप्रेस को शीघ्र झांसी से चलाने की मांग की। संतोष कुमार दुबे ने चिरगांव स्टेशन पर कोच गाइडेंस बोर्ड लगाने तथा इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव का सुझाव रखा।
गोविंद सिंह यादव ने पश्चिमी रेलवे बुकिंग खिड़की पर आरक्षण व्यवस्था शुरू करने का सुझाव रखा। हरिश्चंद्र पाटकर ने रेलवे क्षेत्र में अतिक्रमण पर अंकुश लगाने की बात रखी। महोबा व खजुराहो स्टेशन पर एटीएम मशीन लगाने की मांग की। राजपाल अरोरा ने झांसी स्टेशन के गेट नंबर दो पर टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती का सुझाव दिया।
जमुना प्रसाद कुशवाहा ने चिरगांव स्टेशन पर पैदल उपरगामी पुल तथा एनाउंसमेंट व्यवस्था का सुझाव दिया। नंदकिशोर भिलवारे ने प्लेटफार्मों के दोनों छोर पर वाटर कूलर लगाने, सरोज दुबे ने मऊरानीपुर स्टेशन पर महिला प्रतीक्षालय का निर्माण, पंकज कुमार अग्रवाल ने चित्रकूट स्टेशन पर कुलियों की व्यवस्था करने, उमर खान ने रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों की रोकथाम का सुझाव रखा।
इस अवसर पर डीआरएम एसके अग्रवाल, एडीआरएम विनीत सिंह, सीनियर डीसीएम दुर्गेश दुबे, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके श्रीवास्तव, सीनियर डीओएम कृष्ण शुक्ला, कमांडेंट आशीष कुमार सिंह, एसपी रेलवे सत्येंद्र कुमार मौजूद रहे।