झांसी। अगर आपको बैंक संबंधी कार्य है तो आज बैंक न जाएं। केंद्र सरकार के बैंकों के निजीकरण व विलय के प्रयासों और श्रम कानूनों में बदलाव के फैसलों के विरोध में शुक्रवार को बैंक अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। बैंक स्टाफ द्वारा रैली भी निकाली जाएगी।
यूनाइटेड फोर ऑफ बैंक यूनियनंस के निर्णय पर देश के 10 लाख से ज्यादा अधिकारी, कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। संगठन के जिला संयोजक अशोक कुमार महावर का कहना है कि संगठन लगातार मांग कर रहा है कि बैंकों का करोड़ों का ऋण लेकर वापस न करने वाले पर सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। मगर विडंबना यह है कि बकाएदारों को सरकार तरह-तरह की रियायतें दे रही है। यूएफबीयू के आह्वान पर शुक्रवार को सभी संबद्ध संगठनों के अधिकारी, कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।
सुबह दस बजे ध्यानचंद स्टेडियम के सामने एसबीआई मेन ब्रांच पर सभी एकत्र होंगे और नारेबाजी करते हुए वाहन रैली निकालकर चित्रा चौराहे से इलाइट पहुंचेंगे। फिर कचहरी, अंबेडकर, मिनर्वा, खंडेराव गेट, जीवनशाह होते हुए ग्वालियर रोड स्थित आरबीओ स्टेट बैंक पहुंचेगी। यहां सभा आयोजित होगी।
फीस जमा करने में होगी परेशानी
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कैंपस कोर्सों की काउंसलिंग चल रही है। इस दौरान छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन ही फीस जमा करवाई जा रही है। कॉलेज आवंटित होने के बाद छात्रों को फीस जमा करने के लिए तीन दिन का समय दिया जाता है। अब जिनके पास शुक्रवार को फीस जमा करने का अंतिम मौका होगा, वह बैंक के जरिए फीस जमा नहीं कर सकेंगे। उन्हें नेट बैंकिंग का सहारा लेना पड़ेगा।
पैसे निकासी को एटीएम ही सहारा
बैंक की हड़ताल के कारण आरटीजीएस, जमा, निकासी, ड्राफ्ट का काम पूरी तरह ठप रहेगा। इसलिए जिन लोगों को पैसे की जरूरत पड़ेगी, उनके लिए सिर्फ एटीएम ही सहारा होगा। रोजना की तरह बृहस्पतिवार को भी कई बैंकों ने अपने एटीएम में पैसे डलवा दिए।