क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी महेश चंद्र गौतम।
मऊरानीपुर। मंडलायुक्त के कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर एक महिला के घर जांच-पड़ताल करने पहुंचे क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक मऊरानीपुर महेश गौतम ने मानवता का परिचय दिया। महेश गौतम ने आर्थिक तंगी और कैंसर जैसी बीमारी से जूझ रहे परिवार को अपनी जेब से आर्थिक मदद दी। साथ ही उसके पति के फ्री इलाज के लिए अन्त्योदय कार्ड भी बनवाकर दिया। कोटेदार ने भी महिला की मदद की। अधिकारी की इस मदद को लेकर दिनभर क्षेत्र में उनकी सराहना होती रही। लोग बोल पड़े कि हर अधिकारी लोगों की ऐसे ही मदद करे तो कोई गरीब मदद के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर न हो।
रानीपुर के देवरी सिंहपुरा निवासी महिला बीना सोनी पत्नी राजू सोनी ने मंडलायुक्त झांसी के कंट्रोल रूम पर शिकायत की थी कि उसके घर में खाने के लिए कुछ नहीं है व उसके पति को कैं सर है। वह अत्यन्त दयनीय स्थिति में रह रही हैं। झांसी से इसकी सूचना क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक मऊरानीपुर महेश गौतम के पास आई । तो उन्होंने कोटेदार के जरिए स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद खाद्य निरीक्षक खुद देवरी सिंहपुरा रानीपुर स्थित उस महिला के घर पर गए। उन्होंने देखा कि महिला का पति मुंह के कैंसर से पीड़ित होकर पलंग पर पड़ा हुआ है। वह खाना भी नहीं खा पा रहा है। महिला के पास पति को दूध पिलाने तक के लिए पैसा नहीं था। उसके इलाज में घर की स्थिति दयनीय हो गई है। पीड़ित के पास न रहने को अपना मकान था न ही उनके घर कुछ खाने को था। खाद्य निरीक्षक ने बताया कि यह सब उनसे देखा नहीं गया। लेकिन उस वक्त उनके पास एक हजार रुपये थे, उन्होंने रुपये तुरंत महिला को दिए। बाद में 5 हजार रुपये उसके खाते में डाले। उन्होंने बताया कि कोटेदार ने भी 3 हजार रुपये महिला को दिए।
खाद्य निरीक्षक ने बताया कि महिला के पति के फ्री इलाज के लिए अन्त्योदय कार्ड भी बनवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि महिला के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है। इलाज के लिए आगे की प्रक्रिया भी जल्दी शुरू कराई जाएगी। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के इस कार्य की पूरे नगर में जमकर सराहना की जा रही है।
humanity- फोटो : DEHAT