संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। क्षेत्र में बुधवार को हो रही लगातार बारिश के बीच ग्राम भरोसा में एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे घर के अंदर मौजूद युवक मलबे में दबकर घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ग्राम भरोसा निवासी प्रदीप कुमार अहिरवार (35) बुधवार को अपने घर में मौजूद थे। इसी दरम्यान अचानक मकान की छत गिर गई। छत गिरने से मलबे के नीचे दबकर प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जमा हुए लोगों ने मशक्कत के बाद प्रदीप को मलबे से बाहर निकाला। ग्रामीण आनन-फानन घायल को मोंठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद प्रदीप को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लिया।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पल्लवी मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों को दैवी आपदा निधि से अनुमन्य सहायता राशि दिलाई जाएगी। उन्होंने लोगों से बारिश के मौसम में जर्जर भवनों से दूर रहने की अपील की है।