थाना कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने नई बस्ती में एक मकान में चल रहे सट्टे के अड्डे पर छापा मारा। यहां से सरगना समेत तीन बुकी पकड़े गए। इसके अलावा इस काले कारोबार से जुड़े दो लोगों की और तलाश की जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली की नई बस्ती में एक मकान में बड़े पैमाने पर सट्टे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। यहां से क्रिकेट मैच पर लगाए जाने वाले सट्टे की बुकिंग की जाती है। इस पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आशीष मिश्रा और स्वॉट टीम प्रभारी विक्रम सिंह ने पुलिस टीम के साथ मकान पर छापा मारा है। यहां सट्टे का कारोबार संचालित होता पाया गया है। पुलिस ने मौके से राजकुमार, सचिन और प्रदीप लहारिया को पकड़ा। उनके पास से नौ मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया गया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आशीष मिश्रा ने बताया कि राजकुमार सट्टे के कारोबार का सरगना है। इस धंधे में इसकी सहायता प्रेम खटीक और मनोज साहू भी करते हैं। यह दोनों अभी पकड़ से दूर हैं। कोतवाली ने बताया कि मौके से बरामद हुए मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। इसके अलावा लैपटॉप की भी जांच की जा रही है। इन जानकारियों के जरिये सट्टे से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जाएगा।