अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार की दोपहर रक्सा थाना इलाके में एक ग्रामीण के घर में आग लग गई, जिससे घर में रखा गृहस्थी का लगभग तीन लाख रुपये का सामान जल गया। दो दमकल दस्तों ने आग पर काबू पाया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य खेत पर फसल काटने गए हुए थे।
रक्सा थाना इलाके के ग्राम रामगढ़ में इंदर सिंह राजपूत परिवार समेत रहते हैं। वह खेतीबाड़ी करते हैं। सोमवार की सुबह उनके परिवार के सभी सदस्य पांच किलोमीटर दूर नया खेड़ा गांव में स्थित खेत पर फसल काटने गए हुए थे। इसी दरम्यान पड़ोसियों ने उनके घर से आग की लपटें उठतीं देखीं। सूचना पर दो दमकल दस्ते मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दरम्यान इंदर के घर के बाहर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। इंदर ने बताया कि आग से उनके घर में रखा लगभग तीन लाख रुपये का सामान जलकर खराब हो गया है। आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है।