बाहर ओरछा गेट के हॉट स्पॉट इलाके लगी पुलिस की बैरीकेटिंग हटा कर लोग आसानी से आ जा रहे हैं।
झांसी। महानगर के ओरछा गेट इलाके मेें कोरोना के 9 पॉजीटिव मरीज मिलने के बाद जिले में हड़कंप मचा हुआ है। ओरछा गेट को हॉट स्पॉट घोषित करने के साथ ही एक किलोमीटर के कई मोहल्लों को पूरी तरह सील कर दिया गया है। इलाके के कई सड़कों व गलियों के पास बेरिकेडिंग लगाकर आने-जाने वालों पर निगाह रखी जा रही है।
पिछले सोमवार की सुबह जनपद के ओरछा गेट मुहल्ले में कोरोना वायरस का पहला मामला मिला था। इसके बाद लगातार बढ़ते मामलों के साथ मरीजों की संख्या 9 तक पहुंच चुकी है। पहला मरीज मिलने के बाद ही ओरछा गेट को हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया गया था। जबकि, क्षेत्र के आसपास के मुहल्ले छनियापुरा, खुशीपुरा, तालपुरा, ओरछा गेट अंदर और बाहर, कसाई मंडी, तलैया, कुष्टयाना, सुभाषगंज, पंडयाना, धुबियाना, रानीमहल, बकरामंडी, सागर गेट आदि को सील कर मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाकर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इन क्षेत्रों में किसी भी व्यक्ति को आने-जाने की अनुमति नहीं है। एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि ओरछा गेट समेत आसपास के सभी मोहल्लोें की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन का सहारा लेगी। दो ड्रोन कैमरे से शहर की पूरी गतिविधियों पर पुलिस नजर रखेगी।