अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। 23 साल से गृहकर जमा न करने पर होटल बागवान को नगर निगम ने सील कर दिया है। इसके अलावा, एक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स को भी लाखों रुपये बकाया होने पर सील किया गया है। कुछ और बड़े बकायदारों पर कार्रवाई करने की तैयारी है।
नगर निगम के कर विभाग को मौजूदा वित्तीय वर्ष में 28 करोड़ रुपये गृहकर वसूलने का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष नगर निगम लगभग 27 करोड़ रुपये की वसूली कर चुका है। निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को वार्ड 45 में लक्ष्मीगेट बाहर स्थिति होटल बागवान को सील कर दिया गया है। होटल का गृहकर 2002 से जमा नहीं हुआ है। लगभग 23 सालों में होटल का 9.98 लाख रुपये बकाया हो गया है। उन्होंने बताया कि झोकनबाग में देवेंद्र कुमार बक्शी और तेजेंदर कुमार का कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी सील कर दिया है। इन पर 3.75 लाख रुपये गृहकर बकाया था। 2018 से कॉम्प्लेक्स का गृहकर जमा नहीं किया जा रहा था। इन सभी को बार-बार नोटिस जारी किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान राधेश्याम पटेल, देवेंद्र कुमार, कौशल किशोर, विनोद कुमार, योगेश शुक्ला, रितु कुशवाहा आदि मौजूद रहे।