झांसी। सीपरी बाजार के कच्चा पुल के पास शनिवार की दोपहर वनवे ट्रैफिक व्यवस्था संचालित कर रहे होमगार्ड से कार सवारों ने मारपीट कर दी। ट्रैफिक सिपाही बीचबचाव करने आया तो उसे गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। घटना से वहां भीड़ लग गई। इस बीच हमलावर भाग निकले। मामले की शिकायत एसएसपी से की गई है।
सीपरी बाजार में ओवर ब्रिज का निर्माण होने तक वनवे टैफिक व्यवस्था लागू की गई है। जिसके चलते कच्चा पुल से होकर कोई भी वाहन सीपरी बाजार नहीं जा सकता है। शनिवार की दोपहर करीब एक बजे होमगार्ड कुलदीप निवासी नया खेड़ा रक्सा और ट्रैफिक पुलिस का सिपाही राजेंद्र सिंह ड्यूटी पर थे। तभी एक युवक बाइक से आया और कच्चा पुल से सीपरी बाजार जाने लगा।
होमगार्ड कुलदीप ने जब उसकी बाइक रोक दी तो वह गाली-गलौज करने लगा। युवक ने फोन कर साथियों को बुला लिया। कुछ देर में कार संख्या यूपी-32 जीआई- 4314 से छह-सात युवक आ धमके। आते ही उन्होंने गाली-गलौज करते हुए होमगार्ड को खींचकर पीटने लगे। इस बीच जब सिपाही राजेंद्र सिंह ने विरोध करते हुए बीचबचाव किया तो उसे उठा ले जाने के बाद गोली मारकर हत्या करने की धमकी दे डाली।
इससे वहां काफी भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू किया तो कार सवाल हमलावर भाग निकले। सूचना मिलने पर टीएसआई सुभाष यादव मौके पर पहुंचे। इसके बाद होमगार्ड ने एसएसपी से मामले की शिकायत की। जिस पर एसएसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।