झांसी। होली पर तीन-चार दिनों की छुट्टी पर बड़ी संख्या में लोग धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर घूमने जाने का प्लान बनाए बैठे हैं। इस कारण धार्मिक व पर्यटन स्थलों की तरफ जाने वाली ट्रेनों में होली से एक हफ्ते पहले व एक हफ्ते बाद तक किसी भी ट्रेन में कंफर्म आरक्षण नहीं मिल रहा है।
इस बार होली 23 मार्च को है। अनेक लोग होली पर वैष्णो देवी (जम्मू), शिरडी के सांई बाबा (मनमाड), हरिद्वार आदि तीर्थ स्थानों के अलावा मुंबई, गोवा, शिमला, कुल्लू मनाली आदि पर्यटक स्थलों पर जाते हैं।
लेकिन अब तक आरक्षण न कराने वाले लोग रेलगाड़ी से अपने पसंदीदा स्थल जा पाना संभव नहीं दिख रहा है। दरअसल, इन स्थानों के लिए जाने वाली सभी ट्रेनों में कंफर्म आरक्षण नहीं मिल रहा है।
जम्मू की तरफ जाने वाली झेलम एक्सप्रेस, अंडमान एक्सप्रेस, हिमसागर एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, जम्मूतवी-जबलपुर एक्सप्रेस, नवयुग एक्सप्रेस में होली के एक हफ्ते बाद तक कोई कंफर्म सीट उपलब्ध नहीं है। इन ट्रेनों के एसी कोचों में तो अगले 30 दिन तक जगह नहीं है। हां, स्लीपर में अवश्य अप्रैल की कुछ तिथियों में कंफर्म आरक्षण मिल रहा है।
वहीं, शिमला, कुल्लू मनाली के लिए अंबाला, चंडीगढ़ तक जाने वाली पठानकोट एक्सप्रेस व छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का भी यही हाल है।
मनमाड, मुंबई व गोवा की तरफ जाने वाली पंजाब मेल, लखनऊ- मुंबई एक्सप्रेस, लखनऊ-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस, पठान कोट एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में होली के एक हफ्ते पहले व एक हफ्ते बाद तक आरक्षण फुल चल रहा है।
वहीं, जो लोग होली पर तिरुपति, चेन्नई, रामेश्वरम जाना चाहते हैं, उनकी इच्छा पूरी हो सकती है। फिलहाल कुछ तिथियों में स्वर्ण जयंती, तिरुपति एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस, तमिलनाडु एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में बर्थ खाली मिल रही है।