झांसी। रोडवेज में होली को लेकर छह मार्च से 15 मार्च तक दस दिन की ड्यूटी पर प्रोत्साहन योजना लागू हो गई है। एक मार्च से 15 मार्च तक सभी चालक - परिचालक, अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इस अवधि में इन्हें विशेष परिस्थिति में ही अवकाश मिलेगा। वहीं त्योहार पर 53 अतिरिक्त बसें झांसी से संचालित होंगी।
प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत संविदा व स्थायी चालक - परिचालक को नौ दिन की डयूटी करने पर 350 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से तथा तीन सौ किलोमीटर प्रतिदिन पर 3150 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। दस दिन की डयूटी पर 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से चार हजार रुपये प्राप्त होंगे। सेवा प्रबंधक तुलाराम वर्मा ने बताया कि अगर चालक - परिचालक तीन सौ किलोमीटर से अधिक बस चलाते हैं और दस दिन डयूटी करते हैं, तो उन्हें 55 पैसे अतिरिक्त प्रति किलोमीटर दर से दिए जाएंगे। इसी प्रकार से कार्यशाला के कर्मचारियों के लिए दस दिन डयूटी पर 1200 रुपये, नौ दिन डयूटी पर एक हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।