संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद एस्ट्रोटर्फ हाॅकी स्टेडियम में शनिवार को हाॅकी इंडिया 15वीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हाॅकी चैंपियनशिप के चार क्वार्टर फाइनल मैच शनिवार को खेले गए। इसमें उत्तर प्रदेश की टीम ने 59वें मिनट पर पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर टीम को शानदार तरीके से सेमीफाइनल में प्रवेश कराया।
वहीं, पिछले वर्ष की उपविजेता टीम हरियाणा को पंजाब ने शिकस्त दी तो दूसरी ओर मध्य प्रदेश और मणिपुर का निर्णय शूटआउट से हुआ।पहला मैच हॉकी मध्य प्रदेश बनाम हाॅकी महाराष्ट्र के मध्य हुआ। मैच में दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसमें हाॅकी मध्य प्रदेश की ओर से 6वें मिनट में प्रताप लकरा ने पहला गोल दागा। जवाब में हाॅकी महाराष्ट्र की ओर से 9वें मिनट में आकिब रहीम ने गोल किया। मैच के 60वें मिनट तक दोनों ही टीम 1-1 गोल से बराबरी पर रहीं। दोनों टीम का स्कोर बराबर होने पर शूटआउट से विजेता टीम की घोषणा हुई। शूटआउट में हाॅकी मध्य प्रदेश ने चार गोल किए जबकि महाराष्ट्र की टीम दो ही गोल कर सकी। ऐसे में मध्य प्रदेश की टीम 4-2 से विजयी रही। इसमें संजय बी मैन ऑफ द मैच रहे।दूसरा मैच मणिपुर हाॅकी बनाम हाॅकी यूनिट ऑफ तमिलनाडू के मध्य हुआ। इसमें कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 60वें मिनट तक दोनों ही टीम 0-0 गोल पर रहीं। इसमें भी शूटआउट से निर्णय हुआ। शूटआउट में हाॅकी मणिपुर 4-1 से विजयी रही। इसमें अंकित मलिक मैन ऑफ द मैच रहे।