झांसी ध्यानचंद स्टेडियम चल रही हॉकी इंडिया की सीनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में भिड़ते आर.पी.एफ ?
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के नीले एस्ट्रोटर्फ पर हॉकी फेडरेशन की चल रही सीनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड ने चंडीगढ़ को 5 - 2 से, मुंबई हॉकी एसोसिएशन ने सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स को 4 - 2 से हराया। जबकि पंजाब और तमिलनाडु तथा पंजाब एंड सिंध बैंक व एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के बीच मुकाबला 2 - 2 की बराबरी पर रहा।
सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड व चंडीगढ़ के बीच हुए रोचक मैच में पहला गोल चंडीगढ़ के हरसिमरन जीत सिंह ने किया। इसके बाद सर्विस के अजिंक्य जाधव ने 9 वें मिनट में गोल कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। 13 वें मिनट में सर्विस के रहीम ने गोल कर बढ़त हासिल करा दी। लेकिन 32 वें मिनट में चंडीगढ़ के संजय ने गोल कर मैच को रोचक बना दिया। हालांकि 42 वें मिनट में अजिंक्य ने, 51 वें मिनट में राहुल ने, 57 वें मिनट में जुगराज सिंह ने गोल कर अपनी टीम सर्विस को जीत दिला दी। मंगलवार को हुए मैचों के अंपायरों में सौरभ राजपूत, मोहम्मद तारिक, प्रियेश, सुमित पाल, मल्कियत सिंह, महेश्वर नेगी, अमित शर्मा, संजीव कुमार, जावेद शेख रहे। टूर्नामेंट डायरेक्टर एचएस सोखी और टूर्नामेंट मैनेजर जीएस सांगा रहे। इससे पहले मुख्य अतिथि राकेश सिंह बघेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, उप क्रीड़ाधिकारी राम मिलन, धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।