महानगर में पहली बार अखिल भारतीय महिला हॉकी प्रतियोगिता होगी। एक मार्च से इसका आयोजन शुरू होगा, इसमें विभिन्न राज्यों की 14 टीमों के शामिल होने की उम्मीद है। सभी मुकाबले ध्यानचंद स्टेडियम में बने एस्ट्रोटर्फ पर होंगे। विजेता टीम को दो लाख और उपविजेता को एक लाख रुपये नकद पुरुस्कार दिया जाएगा।
एक सप्ताह चलनी वाली प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट होगी। दिन में कम से कम चार मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खेल विभाग ने साईं ट्रेनिंग सेंटर लखनऊ, साईं ट्रेनिंग सेंटर भोपाल, स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर, स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ, मध्य प्रदेश एकादश, स्पोर्ट्स कॉलेज मैसूर, हरियाणा एकादश, पंजाब एकादश, नार्दन रेलवे से संपर्क किया है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह के मुताबिक सभी महिला खिलाड़ियों के ठहरने और खानपान की व्यवस्था खेल विभाग करेगा। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले एस्ट्रोटर्फ पर कराए जाएंगे। गौरतलब है कि यह प्रतियोगिता पहले दिसंबर 2016 में करायी जाने की योजना थी। इसके बाद प्रतियोगिता की तिथि 17 फरवरी कर दी गई, लेकिन विधानसभा चुनाव के चलते खेल विभाग ने एक से आठ मार्च के बीच कराना तय किया है।