ललितपुर। मरीजों को अब हेपेटाइटिस बी और सी की जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज में निशुल्क जांच की सुविधा शुरू हो गई है। प्रधानाचार्य ने बताया कि चिकित्सीय परामर्श पर मरीज जांच करा सकते हैं।
माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मधुरेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि हेपेटाइटिस सी वायरल लोड परीक्षण व्यक्ति के रक्त में वायरस की मात्रा को मापता है। अन्य परीक्षण सक्रिय हेपेटाइटिस सी संक्रमण या वायरस के जीनोटाइप की पुष्टि कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस सी लीवर का वायरल संक्रमण है, जो अल्पकालिक (तीव्र) और दीर्घकालिक (जीर्ण) बीमारी का कारण बन सकता है। वहीं, हेपेटाइटिस बी वायरल लोड की जांच से संक्रमण की गंभीरता का पता लगाता है, उपचार की प्रभावशीलता और लिवर को होने वाले नुकसान के जोखिम का भी पता लगता है।
प्रधानाचार्य डॉ मयंक शुक्ला ने पैथोलॉजी में जांच सुविधा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि निजी लैब पर छह से सात हजार रुपये में यह जांच होती है, जबकि मेडिकल कॉलेज में निशुल्क है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गजेंद्र सिंह, सह आचार्य डाॅ. देशनिधि सिंह, सहायक आचार्य डाॅ. योगेंद्र सिंह, डाॅ. पूजा गुप्ता आदि मौजूद रहे।