अमर उजाला के नारी गरिमा के साझा संकल्प ‘अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स’ के तहत रविवार को खुशीपुरा में महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें विशेषज्ञ महिला डॉक्टरों ने महिलाओं की नि:शुल्क जांच कर उन्हें परामर्श दिया। इस दौरान नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली गई और महिलाओं ने शपथ पत्र भरे।
खुशीपुरा के आदर्श पब्लिक स्कूल में हुए शिविर में शुरुआत से ही मरीजों की भीड़ रही। कोई खुद को दिखाने आया था, तो कोई घर के बुजुर्ग या बच्चे को। शिविर में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. छवि सहगल, बबीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल ऑफिसर व प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेष डॉ. नीलम आनंद और नीमा की अध्यक्ष व वरिष्ठ प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिभा भार्गव ने एक-एक कर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें परामर्श दिया।
शिविर में 217 महिलाओं के स्वास्थ्य का परीक्षण हुआ। ज्यादातर महिलाएं ब्लड प्रेशर से ग्रसित मिलीं, जिसकी उन्हें जानकारी तक नहीं थी। सामने आया कि किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर महिलाएं डाक्टर के पास जाने की बजाए मेडिकल स्टोर से दवा लेकर काम चला लेती हैं। शिविर में डॉक्टरों ने उन्हें जागरूक करते हुए कहा कि बगैर डाक्टर की सलाह के वे दवा का इस्तेमाल न करें। इसके अलावा ब्लड प्रेशर की नियमित रूप से दवा लें। लापरवाही गंभीर समस्या पैदा कर सकती है। बाद में सभी के प्रति आभार विद्यालय के प्रबंधक एमसी गौतम ने जताया।
नजरअंदाज न करें दर्द
आमतौर पर लोग दर्द को नजरअंदाज कर देते हैं। शरीर के किसी अंग में लगातार दर्द बने रहने पर उसे सहने की आदत सी हो जाती है या फिर दर्द निवारक दवाओं का सहारा लेते रहते हैं। ये स्थिति घातक हो सकती है। शरीर के किसी अंग में यदि लगातार दर्द हो रहा है, तो तत्काल इसकी जांच कराएं। किसी भी बड़ी बीमारी की शुरुआत छोटे से ही होती है। शुरुआत में उपचार बेहद आसान होता है। मेडिकल कॉलेज में पेन क्लिनिक में दर्द का स्थायी निवारण करने की व्यवस्था है। कोई भी इसका लाभ ले सकता है।
- डॉ. छवि सहगल
सेहत के लिए स्वच्छता जरूरी
अच्छी सेहत का राज स्वच्छता में छुपा हुआ है। हम साफ-सुथरे रहें और आसपास का वातावरण स्वच्छ हो, इससे बीमारियां दूरी रहती हैं। खानपान में भी स्वच्छता का विशेष ख्याल रखना चाहिए। जो भी खाएं, वो साफ और ताजा हो। खासतौर पर पीने के पानी को लेकर हमें ज्यादा सतर्क रहना चाहिए। इसके अलावा बच्चों के नियमित टीकाकरण पर ध्यान दें। सरकारी अस्पतालों में ये नि:शुल्क लगाए जा रहे हैं। स्कूलों में स्वास्थ्य विभाग की टीम टीकाकरण कर रही है। ये बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है।
- डॉ. नीलम आनंद
ब्लड प्रेशर से रहें सावधान
शिविर में आईं ज्यादातर महिलाओं में हाई ब्लड प्रेशर पाया गया। ताज्जुब की ये है कि कई महिलाओं को इसकी जानकारी भी नहीं थी। जिनको पता भी था, तो वे नियमित दवा नहीं ले रहीं थीं। सेहत की दृष्टि से ये स्थिति बेहद खतरनाक है। ब्लड प्रेशर शरीर के किसी भी अंग को नुकसान पहुंचा सकता है। इसकी समय-समय पर जांच कराते हुए नियमित दवा लेनी चाहिए। इसके अलावा महिलाओं में विटामिंस की भी कमी पाई गई। ये कमी हरी पत्तेदार सब्जियों को लोहे की कढ़ाई में पकाकर खाने से दूर की जा सकती है।
- डा. प्रतिभा भार्गव