झांसी/एरच। शुक्रवार की तड़के करीब चार बजे एरच-मीरा साहब बाईपास पर हुए भीषण हादसे में कार सवार स्वास्थ्य कर्मी और नर्स की मौत हो गई। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए थे। किसी तरह से कार का दरवाजा तोड़कर दोनों शव बाहर निकाले गए। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
सीओ आभा सिंह के मुताबिक हादसा शुक्रवार की भोर करीब चार बजे का है। एरच क्षेत्र के मीरा साहब बाईपास के पास गुरसराय की ओर से आ रही कार और सामने से आ रहे ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई। कार में ललितपुर के मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के पद पर तैनात देवेंद्र कुमार (30) पुत्र रामसजीवन निवासी जालौन एवं उनके साथ स्टॉफ नर्स साधना पटेल (27) पुत्री रामबाबू पटेल निवासी सुल्तानपुर कोर्ट, हरदोई सवार थे। दोनों की मौके पर मौत हो गई।
घटना के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार के भीतर से दोनों के शव किसी तरह बाहर निकालकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीओ के मुताबिक देवेंद्र कुमार एवं साधना पटेल एक ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात थे। दोनों ड्यूटी करने के बाद अपने गांव जाने के लिए निकले थे। देवेंद्र जालौन स्थित अपने घर जा रहे थे जबकि साधना को एट स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी।