ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर चल रही ट्रंासपोर्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और लगातार हो रही बरसात का असर बाजार पर दिखाई देने लगा है। सामान की आवक घट गई है, जिससे दाम ऊपर चढ़ने लगे हैं। आटा, दाल और फलों के दामों में तेजी आ गई है। हड़ताल यदि लंबी खिंचती है तो महंगाई और बढ़ेगी।
ट्रांसर्पोटरों की हड़ताल के कारण मिनर्वा चौराहा स्थित ट्रांसर्पोट नगर में ट्रकों की कतारें लगी हैं। हड़ताल होने के कारण कारोबारियों का सामान नहीं आ रहा है। छोटी दुकानदारों पर तो सामान पहुंच ही नहीं रहा है, बड़े कारोबारी जो स्टाक किए थे, उन्होंने भी माल की कमी को देखते हुए दाम बढ़ा दिए हैं। माल की नहीं होने से जरूरी और रोजमर्रा की खाने- पीने वाली वस्तुओं के भाव बढ़ने लगे हैं।
स्थिति यह है कि भोजन की थाली बरसात में दिन- प्रतिदिन महंगी होती जा रही है। करीब एक महीने पहले तक जिन खाद्य वस्तुओं के दाम घटे थे, वह अब तेजी से बढे़ रहे हैं। दाल के साथ आटा के भी भाव बढ़ गए हैं। व्यापारी अभय साहू के मुताबिक एक सप्ताह में दालों और आटा के दामों में दो से पांच रुपये तक बढे़ हैं। इसकी वजह मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बरसात होना भी है। मटर की फसल इस बार ठीक नहीं हुई। यही कारण है कि पिछले साल 20 रुपये किलो बिकने वाली मटर 48 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है। व्यापारी रामप्रकाश के अनुसार माल के आने में परेशानी हो रही है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय जैन ने बताया कि ट्रंासपोर्टरों की हड़ताल का असर दिखाई देने लगा है। बाजार में आटा, तेल और अन्य जरूरी सामान के भाव बढ़ने लगे हैं।
फ्रू ट व्यापार वेलफेयर संघ के अध्यक्ष मोहम्मद आजाद ने बताया कि फलों के दामों में फर्क आया है। केले की क्रेट पचास रुपये, आम पांच से दस रुपये, सेव प्रति ड्रम पंद्रह सौ रुपये से बढ़कर सत्रह सौ रुपये तक पहुंच गया है। सब्जी विक्रेता मोहम्मद यूनिस ने बताया कि बाहर से आने वाली सब्जियां परबल, कुंदरू, मुरार, शिमला मिर्च चालीस से पचास रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही हैं, जबकि पिछले सप्ताह इनके दाम 35 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम थे।
ट्रांसर्पोट संचालक हरनाम सिंह काके ने बताया कि हड़ताल से व्यापारी वर्ग परेशान है, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। सरकार जब तक मांगें नहीं मानती, हड़ताल जारी रहेगी।
वस्तु आठ दिन पहले वर्तमान
चना की दाल 52 56
अरहर 65 70
मसूर 52 52
मूंग 70 70
मटर 45 48
शक्कर 39 38
आटा 19 व 20 22
मिर्च 115 120 - 125
हल्दी 100 110
धनिया 75 80
आम 40 से 55 45 से 60
सेब 100 से 110 110 से 130
केेला 20 रुपये दर्जन 25 से 30
नोट- दाम प्रति किलो के हिसाब से