झांसी। रक्षाबंधन से एक दिन पहले थाना प्रेमनगर क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगा ली। घटना के समय बहनें रात में रक्षाबंधन की तैयारी कर रही थीं। इसी बीच भाई को फांसी पर लटका देख कोहराम मच गया। परिजन युवक को फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना प्रेमनगर के महावीरन मोहल्ला निवासी स्व. लक्ष्मण परिहार का छोटा पुत्र शुभम परिहार (22) विवेकानंद डिग्री कॉलेज से बीए थर्ड ईयर का छात्र था। रक्षाबंधन से एक दिन पहले रविवार की रात में शुुभम की बहनें पर्व की तैयारी में जुटी थीं। रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वह नीचे वाले कमरे में जाकर लेट गया। रात करीब 12 बजे उसने खुद को अकेला पाकर कमरे में पंखे से लटककर फांसी लगा ली। आधे घंटे बाद उसका बड़ा भाई रवि प्रकाश कमरे में पहुंचा। जहां शुुभम को फांसी पर लटका देख घबरा गया। चिल्लाने की आवाज सुनकर बहनें भी आ गई। भाई को फांसी पर लटका देखकर कोहराम मच गया। पड़ोसियों के सहयोग से परिजन तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा। घटना के बाद घर में बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।