अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेडिकल कॉलेज में बना 500 बेड का अस्पताल मार्च के अंत तक शुरू होगा। मंगलवार को मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने निरीक्षण कर मार्च के प्रथम सप्ताह में अस्पताल हैंडओवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें ढिलाई या लेटलतीफी हुई तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मयंक सिंह ने मंडलायुक्त को बताया कि बिजली विभाग ने बुधवार तक बिजली कनेक्शन पूरा करने का वादा किया है। अगले 15 दिन में कार्यदायी संस्था ऑक्सीजन लाइन, एसी प्लांट, फिटिंग आदि की जांच करके हैंडओवर करेंगी। जीवनरक्षक उपकरणों की टेंडर प्रक्रिया चल रही है और जल्द उपकरणों की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। मंडलायुक्त ने बिजली विभाग और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से कहा कि तय समय पर काम पूरा कर लें। हर हाल में मार्च के प्रथम सप्ताह तक मेडिकल कॉलेज प्रशासन को अस्पताल हैंडओवर हो जाना चाहिए।
24 घंटे खुलेगी पैथलॉजी लैब और ब्लड बैंक
डॉ. मयंक सिंह ने बताया कि 500 बेड के अस्पताल में आने वाले रोगियों के खून-पेशाब आदि की जांच के लिए 24 घंटे लैब खुलेगी। एक ब्लड बैंक भी 24 घंटे खोला जाएगा। हर बिल्डिंग में एक्सरे की व्यवस्था भी होगी।