झांसी। सोमवार को माउंट प्लाजा में आयोजित झांसी जन महोत्सव की बैठक में क्राफ्ट मेला, शोभायात्रा व मुक्ताकाशी मंच पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में संयोजक व मेला प्रभारी दिनेश भार्गव ने कहा कि मेले का उद्घाटन 18 दिसंबर को होगा, जिसमें देश भर के हस्तशिल्पी अपनी दुकानें लगाएंगे। शोभा यात्रा प्रभारी हरगोविंद कुशवाहा ने कहा कि शोभायात्रा को बुंदेली छाप देने का प्रयास चल रहा है। यात्रा में हाथी, घोड़ा, बुंदेलखंड के महापुरुष, देवी देवताओं के स्वरूपों तथा बुंदेली विधाओं का झांकियों के रूप में प्रदर्शन होगा।
मुख्य संयोजक राजीव राय ने कहा कि शोभा यात्रा रानी लक्ष्मीबाई पार्क से प्रात: दस बजे प्रारंभ होकर खंडेराव गेट, कोतवाली, मानिक चौके होते हुए रानी महल पर समाप्त होगी। जगह-जगह विभिन्न संस्थाओं द्वारा स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। बैठक में युवा महोसत्व (एक शाम बच्चों के नाम) के संयोजक डॉ. बाबू लाल तिवारी व रामकिशन निरंजन ने कहा कि एक जनवरी को होने वाले युवा महोत्सव का ऑडिशन प्रात: नौ बजे से बुंदेलखंड महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में होगा।
इस मौके पर मोहन नेपाली, सौरभ रावत भांजे, प्रगति शर्मा, नीलम खत्री, रंजना विद्रोही, माता प्रसाद शाक्य, सीताराम कुशवाहा, अमित श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे। अंत में डॉ. धन्नूलाल गौतम ने आभार व्यक्त किया। वहीं, जन महोत्सव के मुख्य संयोजक राजीव राय ने सोमवार को गरौठा विधायक से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रमों से अवगत कराया। इस दौरान गरौठा विधायक ने स्पेस मून सिटी की तरफ से गीतांजलि ग्रुप मुंबई द्वारा भजन संध्या व लाफ्टर नाईट प्रायोजित करने की घोषणा की।
चित्रकला प्रदर्शनी 27 को
कला पर्व के संयोजक विकास वैभव सिंह ने बताया कि झांसी जन महोत्सव कला पर्व के अंतर्गत चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन 27 दिसंबर को दीनदयाल सभागार में होगा। प्रदर्शनी में सम्मिलित होने के लिए कलाकृतियां 22 दिसंबर से 24 दिसंबर तक पूर्वाह्न ग्यारह बजे से शाम चार बजे तक जमा होंगी।