Hamsafar Express coach will be join in clone train
झांसी। रेलवे 21 सितंबर से देश भर में 40 क्लोन ट्रेनें चलाने जा रही है। इनमें अप और डाउन की छह ट्रेनें झांसी से होकर गुजरेंगी। इन स्पेशल ट्रेनों में हमसफर एक्सप्रेस के उत्कृष्ट कोच लगाए जाएंगे, जिससे मुसाफिरों का सफर बेहद आरामदायक रहेगा। इन ट्रेनों में दस दिन पहले ही आरक्षण मिलना शुरू हो गया है।
कोरोना महामारी के बीच रेलवे धीरे- धीरे ट्रेनों को पटरी पर लाता जा रहा है। अभी देश भर में ढाई सौ से अधिक ट्रेनें पटरियों पर दौड़ने लगीं हैं। इनमें अप और डाउन की 50 ट्रेनें झांसी से होकर गुजर रही हैं। देशभर में 21 सितंबर से 40 क्लोन ट्रेनें चलने जा रही है। इनमें अप और डाउन की छह ट्रेनें झांसी से होकर गुजरेंगी। ये ट्रेनें उन गाड़ियों के विकल्प के रूप में चलाईं जा रहीं हैं, जिनमें वेटिंग लिस्ट ज्यादा आ रही है। एक- एक महीने तक कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। इनमें 09465/09466 अहमदाबाद दरभंगा साप्ताहिक ट्रेन का संचालन होगा। इसमें अहमदाबाद से चलने वाली ट्रेन 25 सितंबर से प्रत्येक शुक्रवार व दरभंगा से 28 सितंबर से प्रत्येक सोमवार को चलेगी। इस ट्रेन को छायापुरी, रतलाम, उज्जैन, गुना, बीना, झांसी, भीमसेन,
कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, फैजाबाद, शाहगंज, छपरा, मुजफ्फरपुर व समस्तीपुर स्टेशन पर ठहराव दिया गया। इसी तरह 07379/07380 वास्कोडिगामा निजामुद्दीन साप्ताहिक स्पेेशल वास्कोडिगामा से 25 सितंबर से प्रत्येक शुक्रवार व निजामुद्दीन से 27 सितंबर से प्रत्येक रविवार को चलेगी। साथ ही 06523/06524 यशवंतपुर निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। ये ट्रेन 23 सितंबर से प्रत्येक बुधवार व रविवार को यशवंतपुर तथा 26 सितंबर से प्रत्येक शनिवार व मंगलवार को निजामुद्दीन से चलेगी। उक्त तीनों ट्रेनों में आरक्षण मिलना शुरू हो गया है।
हमसफर एक्सप्रेस के कोचों में जीपीएस आधारित पैसेंजर इंफोरमेशन सिस्टम, फायर और स्मोक डिटेक्टर्स दिए गए हैं। यही नहीं हर एक सीट के लिए एक चार्जिंग प्वाइंट और रीडिंग लाइट भी दी गई है। बर्थ बेहद आरामदायक है। बायो टॉयलेट और वाशबेसिन के नल में सेंसर लगा है। इसके अलावा कई ऐसी सुविधाएं हैं जो दूसरी ट्रेनों में नहीं हैं।