झांसी। अनलॉक 3 में जिम 5 अगस्त से खोले जाएंगे। फिटनेस की चाहत रखने वालों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। एक्सरसाइज के लिए अलग-अलग बेंच बनाए जाएंगे। एक बार में 10 से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हालांकि अभी जिम संचालकों को सरकार की गाइड लाइन का इंतजार है।
कोरोना वायरस से बचाव के कारण मार्च में जिम बंद कर दिए गए थे। अब सरकार के निर्देश पर यह फिर से खोले जा रहे हैं। महानगर में 12 से अधिक छोटे-बड़े जिम संचालित है। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में भी खेल विभाग का जिम संचालित है। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर के अनुसार जिम में एक बार में 10 से ज्यादा लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिम के सभी उपकरणों को नियमित सैनिटाइज किया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन कराया जाएगा। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में भी जिम है। इंस्टीट्यूट समिति के सचिव मुकेश श्रीवास्तव के अनुसार जिम में आने वाले व्यक्ति को मास्क पहनकर आना होगा। प्रत्येक व्यक्ति को आधा घंटे का समय एक्सरसाइज के लिए दिया जाएगा। हालांकि अभी सरकार की गाइडलाइन का इंतजार है। निजी जिम संचालक अंकित राय के अनुसार सरकार की गाइड लाइन के अनुसार जिम का संचालन होगा।
4 माह से जिम बंद हैं। अब सरकार ने इन्हें खोलने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में सभी जिम संचालक उपकरणों को संवारने में लग गए हैं। झांसी में मेजर ध्यानचंद स्टेडियम सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट सहित कई निजी जिम सेंटरों में अंतरराष्ट्रीय मानक के उपकरण एवं सुविधाएं मौजूद है।