मेडिकल कॉलेज में गार्डों ने तीमारदारों को पीटा
झांसी। रविवार को रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में दो तीमारदारों की गार्डों ने पिटाई कर दी। इसमें एक घायल हो गया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। उनका आरोप है कि उनके दादा का ऑपरेशन हुआ है। उनकी देखरेख करते समय जबरन दोनों को बाहर निकालकर मारपीट की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हमीरपुर के देवगांव निवासी मुकेश कुमार अहिरवार व राकेश 10 अगस्त को अपने दादा जागेश्वर का इलाज कराने महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉॅलेज आए थे। जहां चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन करने के बाद इमरजेंसी के पीछे बने वार्ड मेें भर्ती कर दिया था। मुकेश व राकेश का कहना है कि उनके दादा जी का मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं है, जिस कारण समय - समय पर उनकी देखरेख करनी होती है। रविवार की सुबह गार्डों ने अंदर जाने से मना कर दिया और बाहर निकाल दिया। वह बार - बार गार्डों से अंदर जाने का अनुरोध करते रहे, लेकिन गार्डों ने उनकी एक नहीं सुनी। अंदर जाने की जिद को लेकर गुस्साए गार्र्डों ने एक कर्र्मचारी के साथ मिलकर दोनों के साथ मारपीट कर बाहर निकाल दिया। इससे मुकेश घायल हो गए। दोनों मामले की शिकायत करने नवाबाद थाने पहुंचकर शिकायत की। इमरजेंसी वार्ड के अंदर व बाहर गार्ड तैनात किए गए हैं। जो अनावश्यक अंदर आने जाने वाले तीमारदारों को रोकते हैं। ऐसे में तीमारदारों व गार्डों के बीच नोंक - झोंक की स्थिति बनी रहती है। नवाबाद प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, इसके बाद पुलिस कार्रवाई करेगी।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
मेडिकल कॉलेज में पहले भी मरीजों से लेकर उनके तीमारदारों के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बाद भी रोक नहीं लग सकी। इस तरह की घटनाएं यहां आम हो चुकी हैं। शिकायत के बाद भी न तो पुलिस कोई कार्रवाई करती है और न ही मेडिकल प्रशासन।