झांसी। सीने में दर्द होने के बाद घर जा रहे सिक्योरिटी गार्ड छोटेलाल पाल (53) की बाइक से गिरने से मंगलवार रात मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। हार्ट अटैक की वजह से मौत की आशंका जताई जा रही है।
दतिया (मध्य प्रदेश) में उनाव बालाजी निवासी छोटेलाल पाल एक सिक्योरिटी कंपनी में काम करते थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को नाइट ड्यूटी के लिए वह घर से गए थे। देर रात सीने में दर्द होने पर उन्होंने मैनेजर को फोन करके घर जाने की बात बताई। बाइक से घर लौटते समय रास्ते में ही वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों की मदद से उनको अस्पताल ले जाया गया। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक हार्ट अटैक की वजह से उनकी मौत की आशंका जताई जा रही है।