फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गार्ड को पीटा, पुलिस ने भांजी लाठियां

Tue, 11 Aug 2015 01:01 AM IST
झांसी / ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
दूधनाथ सर्वोदय महाविद्यालय के छात्रों ने प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के मेन गेट पर प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र गेट पर ही धरने पर बैठ गए। इसके बाद छात्रों ने जबरन बंद गेट को खोलने का प्रयास किया तो पुलिस से उनकी तीखी नोंकझोंक हो गई। आंदोलन उग्र होता देख पुलिस ने लाठियां भांजकर छात्रों को खदेड़ दिया। इसके बाद गुस्साए छात्रों ने एक गार्ड को पीट दिया।
विज्ञापन

गौरतलब है कि कॉलेज की प्रैक्टिकल परीक्षाओं में अनियमितता बरतने का आरोप लगने के बाद बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति ने उन्हें निरस्त कर दिया था। दो बार परीक्षा की तिथि निर्धारित करने के बाद सोमवार को छात्रों को प्रायोगिक परीक्षा के लिए तीसरा मौका दिया गया था। इस दौरान कुछ छात्र तो परीक्षा में शामिल हुए, लेकिन अधिकांश विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर धरने पर बैठ गए। विश्वविद्यालय के सुरक्षा गार्डों ने गेट का ताला जड़ दिया। इस दौरान सीओ सिटी कल्याण सिंह, नवाबाद थाना प्रभारी रामभजन सिंह यादव, महिला थानाध्यक्ष रंजना गुप्ता, विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी एमपी सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया।
आंदोलित छात्र करीब एक घंटे तक विश्वविद्यालय के गेट पर नारेबाजी करते रहे। इसके बाद अचानक उन्होंने मेन गेट को धक्का मार कर खोलने का प्रयास किया। छात्रों को उग्र होता देख पुलिस ने लाठियां भांजकर उन्हें करीब दो सौ मीटर तक खदेड़ दिया। पुलिस ने आसपास के ठेलों, स्टैंड पर खड़े छात्र-छात्राओं को भी भगा दिया। कुछ देर बाद एसबीआई बैंक के पास स्थित गेट पर तैनात एक गार्ड दौड़ता हुआ आया और उसने बताया कि कुछ छात्र एक गार्ड को पीट रहे हैं। इस पर कई गार्डों के साथ पुलिस छात्रों की ओर बढ़ी, पुलिस को आता देख छात्र वहां से भाग निकले। घटना के बाद काफी देर तक पुलिस बल विश्वविद्यालय में तैनात रहा।
विज्ञापन


गरौठा विधायक ने की मध्यस्थता
खदेड़े जाने के बाद छात्र सीधे गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव के ऑफिस पहुंच गए। वहां विधायक ने छात्रों की समस्या सुनी। इसके बाद कुलपति से फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने एक बार और मौका देने की बात कही। इस पर कुलपति ने प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए निर्धारित किसी भी तिथि में बैठने के लिए हामी भर दी। विधायक ने बताया कि छात्रों को भय सता रहा था कि विश्वविद्यालय में परीक्षा के दौरान उनके साथ भेदभाव हो सकता है। छात्रों को आश्वस्त कर दिया गया कि परीक्षा के दौरान उन्हें कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

12 को होगी छूटी हुई परीक्षाएं
झांसी। विधायक से मिलने के बाद छात्रसभा जिलाध्यक्ष जगमोहन यादव सेमरी, जिला महामंत्री अनिल यादव के नेतृत्व में छात्रों ने पुन: प्रैक्टिकल परीक्षा कराने के संबंध में एक प्रार्थना पत्र कुलसचिव अखिलेश चंद्र को सौंपा। शाम को बीयू द्वारा जारी किए गए पत्र में बताया गया कि यूनिवर्सिटी परिसर के ही विज्ञान भवन में 12 अगस्त को दूधनाथ कॉलेज के फिजिक्स प्रथम वर्ष के रोल नंबर 613141010002 से 613141010197 तक के विद्यार्थियों की परीक्षा सुबह नौ से एक, 613141010199 से 613141010415 रोल नंबर वालों की दोपहर एक से छह बजे तक होगी। वहीं, बीएससी फिजिक्स द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों की सुबह नौ से एक बजे तथा बीएससी फिजिक्स तृतीय वर्ष की दोपहर एक से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी। इसके अलावा दूधनाथ के बीएससी बॉटनी प्रथम वर्ष के रोल नंबर 613141010001 से 613141010219 के छात्रों की सुबह नौ से एक व 613141010221 से 613141010416 रोल नंबर तक के छात्रों की दोपहर एक से पांच बजे तक परीक्षा होगी। वहीं, बीएससी बॉटनी द्वितीय वर्ष की सुबह नौ से एक तथा बीएससी बॉटनी तृतीय वर्ष की दोपहर एक से पांच बजे तक प्रायोगिक परीक्षा चलेगी। शेष सभी कॉलेजों में छूटे हुए विद्यार्थियों की बीएससी बॉटनी प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा भी इसी दिन सुबह नौ से पांच बजे तक होगी। वहीं, कुलपति प्रो. अविनाश चंद्र पांडेय ने कहा कि हम छात्र विरोधी नहीं हैं, सब हमारे बच्चे हैं। किसी के साथ भी भेदभाव या अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। छात्र निर्धारित तिथि पर प्रैक्टिकल की परीक्षाएं दें। परीक्षा नि:शुल्क होगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें