झांसी। मंडल के सोनागिर और दतिया स्टेशन के बीच बृहस्पतिवार सुबह एक मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। इससे दो घंटे तक डाउन ट्रैक का यातायात बाधित रहा। इसके चलते झांसी से ग्वालियर की तरफ जाने वालीं आठ ट्रेनें लेट हो गईं। इससे यात्री परेशान रहे।
बृहस्पतिवार सुबह सवा चार बजे एक मालगाड़ी दतिया से सोनागिर स्टेशन की तरफ बढ़ रही थी, तभी रास्ते में किलोमीटर नंबर 1163/10 पर इंजन फेल हो गया। मालगाड़ी मौके पर खड़ी हो गई। रूट बाधित होने पर पीछे आ रहीं ट्रेनें भी अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी कर दीं गईं। बाद में अप ट्रैक पर आ रही एक मालगाड़ी को सोनागिर स्टेशन पर रोका गया। इस मालगाड़ी का इंजन निकालकर मौके पर भेजा गया। बाद में उक्त दूसरे इंजन की मदद से मालगाड़ी को आगे बढ़ाया गया। इस घटना के कारण डाउन ट्रैक दो घंटे तक बाधित रहा। इससे ट्रेन नंबर 12189 महाकौशल एक्सप्रेस, 12192 जबलपुर निजामुद्दीन एक्सप्रेस, 12421 नांदेड अमृतसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12715 सचखंड एक्सप्रेस, 12629 कर्नाटका संपर्क क्रांति, 22221 मुंबई निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस, 12437 सिकंदराबाद निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस और 18477 पुरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस एक से ढाई घंटे तक लेट हो गईं।