बाजार में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में आईं सोने की राखी।
अनमोल है भाई, राखी क्यों न हो सोना-चांदी की!
झांसी। रक्षाबंधन के त्योहार के लिए महानगर में बाजार सज चुका है, जिनमें अनमोल भाइयों के लिए तरह-तरह की सुंदर-सुंदर राखियां हैं। इस बार सोने और चांदी की राखियों को लेकर बहनों में खासा क्रेज है। सराफा कारोबारियों की दुकानों पर वह सोने और चांदी की राखियां खरीद रही हैं। आकर्षक डिजाइन एवं रंग-बिरंगे नगों तथा रेशम के धागे से सजी राखियों की सुंदरता देखते ही बनती है। इनकी कीमत 150 रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक है।
शहर, सदर एवं सीपरी के सराफा बाजार में रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर रौनक बनी हुई है। भले ही 24 कैरट सोना 36 हजार रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 43 हजार रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया हो। इन कीमती धातुओं से बनी राखियां बहनों के लिए खासा आकर्षण हैं। 18 एवं 22 कैरट सोने से तैयार हुई इन राखियों में रेशम के धागे, व्हाइट गोल्ड, जरी और नगों का खासा उपयोग किया गया है। इनकी कीमत तीन हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक है। सराफा कारोबारियों के अनुसार महानगर के बाजार में जलगांव, राजकोट से निर्मित डिजाइनों वाली राखियां हैं। चांदी की राखी 150 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक है, जिसमें तीन ग्राम से लेकर 30 ग्राम चांदी का उपयोग हुआ है। सराफा व्यापारी जगदीश मोदी के अनुसार यह राखियां ऐसी बनाई गई है, जिन्हें त्योहार के बाद भी भाई अपनी कलाई पर पहन सकेंगे। बाजार में इन दिनों 300 डिजाइनों में राखियां हैं। उनके अनुसार भाइयों ने भी अपनी बहनों को गिफ्ट देने के लिए चेन एवं लाकेट बनवाए हैं।
बाजार में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में बहनों को खूब भा रही हैं रंगबिरंगी राखियां।