बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में हॉस्टल की छात्राओं की अब स्मार्ट कार्ड के जरिए बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी। नियत समय में यदि छात्राएं उपस्थिति दर्ज नहीं कराती हैं, तो सीधे एसएमएस माता-पिता के पास चला जाएगा।
विश्वविद्यालय ने छात्राओं की हॉस्टल की उपस्थिति अब बायोमेट्रिक कार्ड से कराने का फैसला लिया है। इसके लिए सभी गर्ल्स हॉस्टलों में बायोमेट्रिक कार्ड लगाए जाएंगे। कुछ दिन पहले बीयू हॉस्टल की एक छात्रा कहीं चली गई थी। बाद में उसके माता-पिता को फोन कर सूचना दी गई थी। इस घटना से सबक लेते हुए बीयू प्रशासन ने छात्राओं की उपस्थिति बायोमेट्रिक कराने का फैसला लिया है। इसके अलावा छात्राओं के माता-पिता का नंबर सर्वर के जरिए मशीन से जोड़ा जाएगा। बायोमेट्रिक मशीन को सुबह हॉस्टल से निकलने और शाम को आने के समय कुछ देर के लिए खोला जाएगा। यदि निर्धारित समय में छात्रा हॉस्टल में कार्ड पंच नहीं करती है, तो इसका एसएमएस माता-पिता के मोबाइल नंबर पर चला जाएगा। कुलसचिव प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि जल्द ही चारों गर्ल्स हॉस्टलों में बायोमेट्रिक मशीन लग जाएंगी।