माताटीला बांध सिर्फ एक फुट खाली
राजघाट बांध से दस घंटे छोड़ा गया पानी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
शुक्रवार की रात बारिश से राजघाट बांध भरने के बाद दस घंटे तक पानी छोड़ा गया। मगर, यह पानी माताटीला बांध को पूरा नहीं भर सका। अभी भी माताटीला बांध एक फीट खाली चल रहा है। इस कारण आगे के बांधों को भरने के लिए पानी नहीं छोड़ा गया।
पिछले कुछ दिनों से मध्य प्रदेश के भोपाल, बिदिशा और ललितपुर के आसपास क्षेत्रों में हो रही झमाझम बारिश से बेतवा नदी में पानी लबालब हो गया था। शुक्रवार रात आठ बजे तक राजघाट बांध एक मीटर और माताटीला बांध चार फीट (पौने दो मीटर) खाली बना हुआ था। राजघाट बांध के पूर्ण क्षमता से भरने पर रात ग्यारह बजे से 80 हजार क्यूसेक नदी में पानी छोड़ा गया। मगर, इस बीच बारिश बंद होने पर राजघाट बांध में पीछे से पानी आना बंद हो गया। इस कारण सुबह पांच बजे पानी छोड़ने की क्षमता 45 हजार क्यूसेक कर दी गई। सुबह नौ बजे इस पानी को बंद कर दिया गया। इधर, राजघाट बांध से छोड़े गए पानी से माताटीला बांध 1012 फीट की जगह 1011 फीट ही भर सका। इस कारण सिंचाई विभाग ने माताटीला बांध से पानी नहीं छोड़ा।
अभी तक हुई वर्षा
सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुंदेलखंड के झांसी जनपद में 503 मिलीमीटर, बांदा में 608 मिलीमीटर, जालौन में 240 मिलीमीटर, हमीरपुर में 226 मिलीमीटर, ललितपुर में 400 मिलीमीटर, महोबा में 484 मिलीमीटर और चित्रकूट धाम में 833 मिलीमीटर वर्षा अभी तक रिकार्ड की गई।