- छह विद्यालयों में बेसिक शिक्षा विभाग ने उपलब्ध कराई आरओ प्लांट सामग्री
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को अब पीने के लिए शुद्ध पानी मिलेगा। जिले के छह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में आरओ प्लांट लगवाया गया है। इसके साथ विद्यालयों में बेंच, कुर्सी, मेज, गद्दा सहित अन्य सामान भी उपलब्ध कराया गया है।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जनपद के सभी छह ब्लॉक में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में सौ-सौ बच्चियां अध्ययनरत हैं। विद्यालयों में कक्षा छह से आठवीं तक अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक समुदाय की बच्चियों को शिक्षा के साथ ही उनके ठहरने और भोजन-पानी सहित अन्य व्यवस्था रहती है। साथ ही बच्चियों को सुरक्षित माहौल में शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चियों को पीने के लिए शुद्ध पानी मिल सके, इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत विद्यालयों में आरओ प्लांट लगवाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह के मुताबिक आरओ प्लांट लगने से विद्यालयों की बच्चियों को अब पीने के लिए शुद्ध पानी मिल रहा है।