झांसी। नशे में चांटा मारने से गुस्साई एक महिला ने ईंटा मार कर प्रेमी का सिर फोड़ दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के उन्नाव गेट निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि पति के निधन के बाद वह घरों पर काम करने लगी। इस दौरान एक युवक से उसके प्रेम संबंध हो गए। कुछ दिन बाद युवक की शादी हुई तो उसने दूरी बनाने को कहा, मगर वह तैयार नहीं हुआ।
उल्टा उसके ऊपर शक करने लगा। घर से बाहर निकलने पर भी पाबंदी लगा दी। युवक ने वायदा किया कि वह परिवार का पालन पोषण करेगा, मगर खर्च को सिर्फ एक हजार रुपये ही दिए। वह आए दिन दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने लगा।
शुक्रवार की दोपहर प्रेमी नशे की हालत में दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने लगा। उसने विरोध किया तो प्रेमी ने चांटा मार दिया। गुस्से में उसने नजदीक में पड़ी ईंट उठाकर प्रेमी के सिर में मार दी। सिर में ईंट लगने से वह लहूलुहान होकर वहीं गिर कर अचेत हो गया। सूचना पर प्रेमी के परिजन मौके पर पहुंचे। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। समाचार लिखे जाने तक इस मामले की पुलिस से दूसरे पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं की थी।