झांसी। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जनपद को छह और 108 समाजवादी एंबुलेंस की सौगात मिल गई है। बुधवार को सीएमओ कार्यालय में कमिश्नर ने एंबुलेंस को झंडी दिखाकर रवाना किया।
कमिश्नर ने कहा कि गरीबों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 102 व 108 एंबुलेंस सेवा शुरू की गई थी, जिसका लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने चिकित्सक व एंबुलेंस से जुड़े अधिकारी, कर्मचारियों से सेवा भाव से काम करने की अपील की। साथ ही फोन मिलाने पर मरीज को तत्काल सेवा उपलब्ध कराने की बात कही।
वहीं, डीएम अनुराग यादव ने राम मनोहर लोहिया के चिकित्सा, शिक्षा मुफ्ती और रोटी, कपड़ा सस्ती के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में ही कार्य कर रही है। बुंदेलखंड में साधन की कमी होने से एंबुलेंस सेवा लोगों के लिए मददगार साबित हो रही है। डीएम ने अस्पतालों में मरीजों को और बेहतर सुविधा मुहैया कराने की अपील की।
सीएमओ डॉ. विनोद कुमार यादव ने बताया कि जल्द ही यूपी देश का ऐसा पहला राज्य बनेगा, जिसके पास सर्वाधिक एंबुलेंस होंगी। उन्होंने कहा कि कई कठिनाइयों के बावजूद मुख्यमंत्री की यह महत्वाकांक्षी योजना बहुत कारगर साबित हो रही है। बीते आठ महीने में 12,773 मरीजों ने 108 एंबुलेंस का उपयोग किया है।
उन्होंने प्रशासन स्तर से मिलने वाले सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकारियों की मदद से ही झांसी 90 फीसदी सरकारी कार्यक्रमों में टॉप पर है। इस दौरान एडी हेल्थ डॉ. सविता दुबे, डीके तिवारी, डॉ. एमके जैन, डॉ. एनके जैन, डॉ. आरएस वर्मा, डॉ. एसके कुलश्रेष्ठ, डॉ. एके त्रिपाठी, डॉ. नरेश अग्रवाल, डॉ. एसके खत्री आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. बीके जैन ने किया।
अब हो गईं 18 एंबुलेंस
जनपद को दिसंबर 2012 में बारह 108 एंबुलेंस मिली थीं, अब इनकी संख्या बढ़कर 18 पहुंच गई है। हालांकि, मौजूदा समय में एक खराब पड़ी है। सीएमओ ने बताया कि उनके आवास पर, पुलिस अस्पताल के साथ-साथ समथर, टहरौली, गरौठा, सकरार स्वास्थ्य केंद्रों में एक-एक एंबुलेंस दी जाएंगी।