झांसी। पूर्व महाप्रबंधक मंजूरानी गुप्ता के कार्र्यकाल के दौरान हुए करोड़ों रुपये के घोटाले के मामले में मौजूदा महाप्रबंधक कुलदीप सिंह भी घिर गए हैं। इस मामले में शिकायतकर्ता के कई गंभीर आरोप लगाने के बाद विजलेंस दोबारा महाप्रबंधक कुलदीप सिंह से पूछताछ करने की तैयारी में है। इसको लेकर नोटिस भी भेजा गया है। महाप्रबंधक के भी जांच दायरे में आने से जल संस्थान कार्यालय में हड़कंप है।
पूर्व महाप्रबंधक मंजूरानी गुप्ता के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2020-21 में करोड़ों रुपये के घोटाले का खेल उजागर हुआ था। बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता सामने आने पर पूरे मामले की जांच विजलेंस को सौंप दी गई थी। विजिलेंस ने जांच पड़ताल के बाद कई अन्य अफसरों की भी भूमिका संदिग्ध पाई। उधर, पिछले माह शिकायतकर्ता ने नए सिरे से कुछ दस्तावेज विजिलेंस को मुहैया कराया है। इसके बाद मौजूदा महाप्रबंधक कुलदीप सिंह भी जांच के दायरे में आ गए। विजलेंस अब महाप्रबंधक पर लगे इन आरोपों की पड़ताल में जुट गई है। विजिलेंस एक बार पहले भी महाप्रबंधक के बयान दर्ज करा चुकी है। अब दूसरी बार फिर से बयान दर्ज कराने की तैयारी है। उनको बयान दर्ज कराने के साथ ही सारे अभिलेख भी पेश करने को कहा गया है। उधर, महाप्रबंधक कुलदीप सिंह का कहना है विजलेंस ने जो दस्तावेज मांगे थे, वह पहले दिए जा चुके। आगे जो दस्तावेज मांगे जाएंगे वह उनको उपलब्ध करा दिए जाएंगे।