करारी में हुए दंगल में भिड़ते के ग्वालियर के जीतू व रोहतक के सोनू। अमर उजाला
झांसी। ग्वालियर मार्ग स्थित करारी में बुधवार को अखिल भारतीय दंगल में देश के विभिन्न हिस्सों से आए पहलवानों ने अखाड़े में ताल ठोकी। पहलवानों के बीच 40 कुश्तियां हुईं। इसमें करारी के गौरव सेन ने ग्वालियर के अंकित को पटकनी दी। प्रतियोगिता के विजयी पहलवानों को पांच हजार से लेकर 60 हजार रुपये तक इनाम दिया गया।
अखाड़े में बबीना के सतेंद्र ने मेरठ के अजय को शिकस्त दी। बबीना के ही हल्के गुर्जर ने आगरा के श्याम सुंदर को हराया। झांसी के शिवम यादव और एटा के कुवेंद्र यादव के बीच कुश्ती भी बराबरी पर छूट गई। दिल्ली के रोहित और रोहतक के अनूप के बीच मुकाबला हुआ। 25 मिनट तक चला कांटे का यह मुकाबला बराबरी पर छूट गया। 15 मिनट तक चला करारी के गजेंद्र पहलवान और पुणे के सुदेश पाल के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। दिल्ली की मंजू ने मेरठ के अमित मिश्रा को हराया। रोहतक के तेजवीर ने झज्जर के काला पहलवान को शिकस्त दी। पानीपत की रितु ने परवई के संजीव कबूतरा को हराया। मुख्य अतिथि विधायक रवि शर्मा ने दंगल का शुभारंभ किया। बालजी गुर्जर ने आभार जताया और मेहरबान सिंह ने संचालन किया। इस दौरान गंधर्व सिंह, रावराजा गुर्जर, रिंकू गुर्जर, मानसिंह गुर्जर, विजय यादव, वीपी सिंह, संजय तिवारी, आशीष उपाध्याय मौजूद रहे।