फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांवों में कायम हुई सरकार, 291 ग्राम प्रधानों ने ली शपथ

विज्ञापन
विज्ञापन
गांवों में कायम हुई सरकार, 291 ग्राम प्रधानों ने ली शपथ
विज्ञापन

झांसी। सभी आठों ब्लॉक में मंगलवार को 291 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान समेत सदस्यों ने वर्चुअल माध्यम से शपथ ग्रहण की। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन अथवा सार्वजनिक स्थान पर पहुंचकर शपथ ली। इन सभी ग्राम पंचायतों की बृहस्पतिवार को पहली बैठक के साथ कार्यकाल की शुरूआत होगी।
पंचायती राज इतिहास में पहला मौका रहा जब नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान एवं सदस्यों को वर्चुअल माध्यम से शपथ दिलाई गई। सभी ब्लॉकों मेें शपथ ग्रहण की जिम्मेदारी बीडीओ को सौंपी गई थी। संबंधित सचिवों ने अपनी-अपनी ग्राम सभाओं में पहुंचकर प्रधानों को शपथ दिलवाई। शपथ लेने को लेकर नवनिर्वाचित प्रधानों में उत्साह दिखाई पड़ा। प्रधान परिजनों संग नए कपड़ों में शपथ लेने पहुंचे। हालांकि इस बार कोविड के प्रकोप ने इस मौके पर होने वाले जश्न को काफी फीका कर दिया।
विज्ञापन

शासनादेश के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन अथवा किसी सार्वजनिक स्थान पर ही शपथ होनी थी। शपथ लेने को बेसब्र कई प्रधान सुबह से ही बीडीओ और सचिवों को फोन करके समय पूछने लगे। एक सचिव पर पांच-आठ ग्राम पंचायतों का जिम्मा होने के नाते उन्होंने सभी के लिए अलग-अलग समय तय किया था। अधिकांश ग्राम प्रधानों ने पंचायत भवनों में ही शपथ लेने को तरजीह दी। परिजनों की मौजूदगी में सदस्यों के साथ ग्राम प्रधानों ने शपथ ली। कई ग्राम प्रधान निरक्षर थे। इस वजह से उनको शपथ पत्र पढ़ने में परेशानी आ रही थी। इनको सचिवों ने बोल-बोलकर शपथ दिलाई। कुछ महिलाएं भी शपथ पत्र पढ़ने में अटक गईं। इस पर वहां मौजूद उनके परिजनों ने उनकी मदद की। शपथ लेने के बाद सचिव एवं परिजनों ने उनको बधाई दी।
इनसेट
ब्लॉकवार शपथ लेने वाले ग्राम प्रधान की संख्या
बबीना 37
बड़ागांव 21
चिरगांव 33
मोंठ 42
गुरसराय 45
मऊरानीपुर 23
बंगरा 46
बामौर 44
इनसेट
मुर्हूत का रखा ख्याल, नए कपड़े पहनकर ली शपथ
नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों में दिखा उल्लास, परिजनों संग पहुंची महिला प्रधान
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ के लिए सरकार ने भी शुभ माने जाने वाले मंगलवार का दिन नियत किया लेकिन, कई ग्राम प्रधानों ने ज्योतिषों से मुर्हूत का समय भी विचरवाया। मऊरानीपुर ब्लॉक में मुर्हूत की वजह से सचिव को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसी तरह अन्य दूसरी ग्राम पंचायतों में भी तमाम प्रधानों ने अपने मुर्हूत के हिसाब से ही शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के लिए आए कई प्रधान नए कपड़ों में सजे हुए थे। कई महिला ग्राम प्रधान अपने पति, बच्चों समेत अन्य परिवारिक सदस्यों के साथ शपथ लेने पहुंची थीं हालांकि इन सभी को शपथ बेहद सादे समारोह में ही कराई गई।
इनसेट
आज भी ले सकेंगे शपथ, कल होगी पहली बैठक
जिन नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान अथवा सदस्य आज शपथ नहीं ले सके वह बुधवार को शपथ ले सकेंगे। इसके बाद बृहस्पतिवार को सभी ग्राम पंचायतों को पहली बैठक बुलानी होगी। पहली बैठक के बाद ग्राम प्रधानों को डोंगल दिए जाएंगे। ग्राम प्रधान को वित्तीय ताकत इसी के बाद मिलेगी। इसके बाद उनके बैंक खाते भी खुलवाए जाएंगे हालांकि इस प्रक्रिया के पूरा होने में कम से कम दो सप्ताह लग जाएंगे। पंचायती राज विभाग इन सबकी तैयारियों में जुटा है। जिला पंचायत राज अधिकारी जगदीश राम का कहना है शासनादेश के मुताबिक पहली बैठक से कार्यकाल आरंभ माना जाएगा।
विज्ञापन

इनसेट
न लड्डू बंटे, न शर्बत
फीका-फीका रहा शपथ ग्रहण समारोह
ग्राम पंचायतों के गठन का यह संभवता पहला मौका रहा होगा जब नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के शपथ लेने के दौरान न लड्डू बांटे गए, न लोगों को शर्बत पीने को मिला। इस बार कोरोना प्रोटोकाल को देखते हुए वर्चुअल माध्यम से शपथ कराई गई जबकि पहले ब्लॉक स्तर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित होता था। इसमें ग्राम प्रधान समर्थक भी बड़ी संख्या में पहुंचते थे। ग्राम प्रधानों की ओर से जश्न का इंतजाम रहता था लेकिन, अबकी बार कोविड की मार के चलते सब फीका रहा। समर्थकों को शपथ ग्रहण में शामिल होने का भी मौका नहीं मिला। कई समर्थक एवं प्रधान भी समारोह न होने की वजह से निराश रहे। बामौर ब्लॉक के सैगुवां निवासी अजय कुमार, विनोद मिश्रा आदि का कहना है यह पहला मौका है जब इतने फीके तरीके से शपथ दिलाई गई हो।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें