झांसी। मंगलवार को थाना कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर कदीर खान की 47.96 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क कर दी। इसके अलावा 16 करोड़ रुपये की संपत्तियां अभी और निशाने पर हैं।
शिव परिवार कॉलोनी निवासी कदीर खान पर 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें 15 मुकदमे थाना कोतवाली में दर्ज हैं, जबकि दो मप्र के थाना वदनारा में दर्ज हैं। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट के जब्तीकरण के आदेशों के तहत कदीर का शिव परिवार कॉलोनी में स्थित मकान कुर्क कर लिया। इस दौरान सीओ सिटी राजेश राय, कोतवाली इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय समेत भारी पुलिस बल व तहसील की टीम मौजूद रही। हालांकि, कदीर के परिजनों ने कार्रवाई का विरोध किया। उनका कहना था कि उन्हें मौका नहीं दिया गया। इस पर पुलिस ने बताया कि परिजनों को शनिवार को ही नोटिस रिसीव करा दिया गया था। पुलिस के अनुसार कदीर की लगभग 16 करोड़ रुपये की कीमत की संपत्तियां और कुर्क की जानी हैं। ये संपत्तियां सदर तहसील के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थित हैं।