अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद थाने में हरेंद्र मसीह समेत पांच पर गिरोहबंद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों पर अमेरिकी संस्था की कई जमीन को धोखाधड़ी कर बेचने का आरोप है। इससे पहले, मसीह की करोड़ों की संपत्ति जब्त करने का भी आदेश हो चुका है।
नवाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने सिविल लाइन झोकनबाग निवासी हरेंद्र कुमार मसीह, जानकीपुरम निवासी रमेशचंद्र गुप्ता और उसके बेटे हर्षित गुप्ता, मनु विहार कॉलोनी निवासी देवेंद्र और परवारन मोहल्ला निवासी गिरीश अग्रवाल के खिलाफ गिरोहबंध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोप लगाया है कि आरोपी क्षेत्र की व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर जघन्य अपराध कर रहे हैं।
वह समाज विरोधी क्रियाकलापों में लिप्त हैं और यह गिरोह अपराध करने का अभ्यस्त है। इसके अलावा, पुलिस की ओर से अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। बता दें कि हरेंद्र मसीह जेल में निरुद्ध है। हाल ही में कानपुर में सिविल लाइन स्थित मैरी एंड मेरीमैन की बेशकीमती जमीन के कब्जे के प्रयास में मास्टर माइंड हरेंद्र मसीह की 11.19 करोड़ की संपत्ति जब्त करने का आदेश हुआ है, जिस पर जल्द कार्रवाई संभव है।