झांसी। बॉलीवुड फिल्में हो या गीत संगीत की दुनिया। इन सभी क्षेत्रों में बुंदेलखंड की युवा प्रतिभा धूम मचाए हुए है। महानगर के प्रतिभावान गायक शुभम सिंह सोलंकी का संगीत एलबम फ्यूचर जवाई का ट्रैलर भी इन दिनों सोशल साइट्स पर लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इस संगीत एलबम का वीडियो यूरोप में शूट हुआ था।
पंजाबी एवं बॉलीवुड फिल्मों के सुप्रसिद्ध गायक मीका सिंह के करीबी शुभम सिंह के अनुसार वर्ष 2013 में झांसी महोत्सव में मीका सिंह आए थे। तब उन्होंने पक्का कर लिया था कि वह गायक बनेंगे। वर्ष 2015 में वह मुंबई चले गए और वहां मीका सिंह से जुड़ गए। इसके बाद मीका सिंह के उन्होंने कई लाइव शो एवं म्यूजिक कंपनी भी मेनेज की। कमल सिंह कॉलोनी ईसाई टोला निवासी शुभम के अनुसार उनके वीडियो एलबम यूरोप के अर्मेनिया में शूट हुआ। यह देश प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण है। एलबम में अभिनय और स्वर दोनोें ही उनका है। पंजाबी भाषा में गाना गाया है। फीमेल एक्टर में टीवी सीरियल अभिनेत्री रीम समीर शेख है। निर्देशन शुभ ठाकुर ने किया है। शुभम के अनुसार बुंदेलखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें अवसर दिया जाए। वह जल्द ही नया संगीत एलबम बनाएंगे, जिसकी शूटिंग बुंदेलखंड के प्राकृतिक स्थानों पर होगी।