झांसी। रेल मंडल से एक- एक कर क्रॉसिंग गेट (समपार फाटकों) बंद करने का काम तेजी से चल रहा है। मंडल में अभी तक सड़क आवाजाही के कारण व्यस्त रहने वाले 653 में 283 क्रॉसिंग गेट को बंद किया जा चुका है। 370 क्रासिंग बंद होना बाकी रह गईं हैं। इनमें भी 89 जगह अंडर या ओवरब्रिज स्वीकृत हैं, जिनमें अभी 33 जगह निर्माण कार्य चल रहा है।
झांसी रेल मंडल में फैली एक हजार किलोमीटर की पटरियों पर 653 रेलवे क्रॉसिंग गेट हुआ करते थे। ये सभी व्यस्त गेट हैं, जहां सड़क मार्ग से निकलने वाले लोगों के लिए बार- बार खोलना पड़ता है। हालांकि, कुछ साल पहले मंडल से धौलपुर व मानिकपुर सेक्शन अलग होने के बाद करीब 40 गेट कम हो गए हैं। क्रॉसिंग गेटों पर होने वाली दुर्घटनाओं और गेटमैनों के साथ होने वाली घटनाओं के मद्देनजर रेलवे बोर्ड ने इनको धीरे- धीरे खत्म करने का फैसला लिया था, जिस पर तेजी से काम चल रहा है। हर साल 15 से 20 क्रॉसिंग गेट बंद किए जा रहे हैं। उनके विकल्प के रूप में पास ही लोगों के निकलने के लिए अंडरब्रिज, पाथवे या ओवर ब्रिज बनाए जा रहे हैं। मंडल में अभी तक 283 गेट बंद किए जा चुके हैं।
वरिष्ठ खंड अभियंता राजेंद्र सिंह गौतम की माने तो ग्वालियर श्योरपुरकलां छोटी रेल लाइन पर भी 141 गेट हैं, जहां सड़क यातायात न होने के कारण वहां गेटमैन की तैनाती की आवश्यकता नहीं पड़ती है।
- रेल मंडल के अलग- अलग स्थानों पर अभी 17 ओवरब्रिज व 72 अंडरब्रिज स्वीकृत हैं, जिनमें 30 पर निर्माण कार्य चल रहा है।
मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी।
अभी यहां चल रहा काम
विरलानगर व रायरु स्टेशन के बीच दो, रोरा- हरपालपुर, ललितपुर- खजुराहो व मऊरानीपुर में एक ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। इसी तरह ऊसरगांव- कालपी, विरलानगर- भदरौली, तालबेहट- माताटीला, बिजौली- बल्लमपुर, दौलता- जाखलौन, भीमसेन- गोविंदपुरी, वरीपुरा-कबरई, बरुआसागर-निवाड़ी, भीमसेन-बिनोर, खैराड़ा-भीमसेन, हमीरपुर-धोरू, नंदखास- मोंठ, आगासौद- करौंदा, जाखलौन- जीरौन, ललितपुर- दैलवारा, दैलवारा- जाखलौन के बीच अंडरब्रिज व पाथवे बनाने का काम चल रहा है।
अगस्त से बंद हो जाएगी ओरछा की क्रॉसिंग
ओरछा रेलवे स्टेशन के निकट बने अंडरब्रिज को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। रेलवे क्रॉसिंग को अगस्त से आवाजाही के लिए पूर्णता बंद कर दिया जाएगा। जल्द ही इसके लिए रेल संरक्षा आयुक्त निरीक्षण करेंगे।