लॉकडाउन के दौरान कार्डधारकों को मिल रहा मुफ्त का राशन दिसंबर से बंद हो जाएगा। शासन स्तर से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की समय सीमा नहीं बढ़ाई गई है। इसके बाद कार्डधारकों को अगले महीने से के वल एक बार ही वितरण होगा जबकि नवंबर माह के द्वितीय चरण का राशन वितरण सात दिसंबर तक होगा।
कोरोना काल के दौरान राशन कार्डधारकों को महीने में दो बार राशन का वितरण किया जा रहा है। हर महीने की पांच से 15 तारीख तक नियमित राशन का वितरण किया जाता है जबकि 21 तारीख से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन का वितरण किया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान प्रधानमंत्री ने योजना को नवंबर तक बढ़ा दिया था। इसके तहत हर महीने कार्डधारकों को पांच किलो चावल और एक किलो चने का वितरण किया गया। इसके बाद दो किलो गेहूं और तीन किलो चावल और फिर पांच किलो गेहूं का वितरण किया गया।
अब दिसंबर से योजना के तहत मुफ़्त राशन का वितरण नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही नवंबर महीने के दूसरे चरण में 30 नवंबर तक होने वाले मुफ़्त राशन वितरण की तिथि में बदलाव किया गया है। अब कार्डधारकों को सात दिसंबर तक राशन का वितरण किया जाएगा। इसके लिए कोटेदारों के पास खाद्यान्न पहुंचा दिया गया है।
डीएसओ तीर्थराज यादव ने बताया कि नवंबर महीने के द्वितीय चरण का राशन वितरण सात दिसंबर तक होगा। जबकि दिसंबर से मुफ्त राशन वितरण को लेकर अभी तक कोई निर्देश नहीं मिले हैं। ऐसे में अगले महीने से मुफ्त राशन नहीं मिलेगा।