झांसी। जिला पूर्ति विभाग के गोदामों में खाद्यान्न की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में नहीं होने के कारण जिले की लगभग पांच सौ दुकानों पर ही मुफ्त राशन का वितरण किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दस जनवरी से जिले की सभी 778 राशन की दुकानों से वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले की सभी सरकारी राशन की दुकानों पर छह जनवरी से 15 जनवरी तक गेहूं, चावल, नमक, चना और खाद्य तेल का नि:शुल्क वितरण करने का एलान किया गया था। लेकिन जिला पूर्ति विभाग के गोदामों पर पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न नहीं होनेे के कारण शुरुआत में जिले की सिर्फ तीन सौ दुकानों पर वितरण शुरू किया गया था। अब अधिकतर गोदामों पर खाद्यान्न की आपूर्ति शुरू हो गई है। जिसके तहत दस जनवरी तक जिले की सभी सरकारी दुकानों पर राशन वितरण किया जाएगा।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि एक दो दिन के भीतर ही सभी गोदामों पर पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न पहुंच जाएगा।