झांसी। चिट फंड कंपनी के नाम पर एक युवक ने लोगों के लाखों रुपये हड़प लिए। एक व्यक्ति ने रुपये वापस मांगे तो प्रेमनगर थाने में तैनात एक दरोगा की मदद से उसे हवालात में बंद करा दिया। शुक्रवार को इस मामले में उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने एसएसपी से मुलाकात आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
एसएसपी को दिए ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि प्रेमनगर के कृष्णा नगर में रहने वाला एक युवक एक कंपनी के संचालन के नाम पर लोगों से प्रतिदिन दो सौ, पांच सौ और एक हजार रुपये लेता है। रजिस्टर में अंकित करने के बाद कंप्यूटर की प्रिंटिड रसीद देता है। एक साल में ब्याज समेत रुपये देने का झांसा दे रखा है। विगत 29 जनवरी को एक साल पूरे होने पर महेंद्र साहू ने अपने रुपये मांगे तो आरोपी युवक ने कहा कि वह अपनी पत्नी से उसके नाम झूठा मुकदमा लिखा देखा। महेंद्र ने युवक की बाइक ली और थाने में जमा करवा दी। इस बौखलाहट में युवक ने थाने के एक दरोगा के साथ मिलकर महेंद्र को हवालात में बंद करवा दिया। व्यापारियों ने इस कार्रवाई का विरोध किया तो महेंद्र का धारा 151 में चालान कर दिया गया। एसएसपी ने मामले के जांच के आदेश दिए हैं।
नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष संजय पटवारी व संतोष साहू ने किया। इस मौके पर केदारनाथ राय, पवन कौशिक, विनोद साहू, बृजेंद्र साहू, अविनाश माते, शशिकांत कारलेकर, प्रदीप कप्तान, रामकुमारी श्रीवास्तव, पुष्पा साहू, जयशिव, शशिकांत कारलेकर मौजूद रहे।