झांसी। जिले में अंत्योदय योजना के तहत आए दिन अपात्र सामने आ रहे हैं। जबकि पात्र राशन कार्ड बनवाने तक के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। बताया है कि जिले में बड़ी संख्या में अपात्र शामिल किए गए हैं। ऐसे में गरीबों का हक उन तक नहीं पहुंच पा रहा है। विभाग मामलों की जांच कराने के दावे करता है, लेकिन कुछ नहीं होता।
केंद्र सरकार का खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड धारकों को पात्र गृहस्थी और अंत्योदय दो श्रेणियों में बांटा गया है। पात्र गृहस्थी में राशन कार्ड बनाने के लिए कोई सीमा नहीं है। जबकि अंत्योदय कार्ड शासन द्वारा तय लक्ष्य के मुताबिक ही बनाए जाते हैं। इसके तहत अति गरीब वर्ग को शामिल किया जाता है। वहीं, एक कार्ड के हटाए जाने के बाद ही दूसरे व्यक्ति को कार्ड जारी किया जाता है, लेकिन जिले में अंत्योदय कार्ड अपात्रों को थमा दिए गए हैं। इस श्रेणी में कार्ड बनवाने के लिए पात्र व्यक्ति को विभाग आवेदन करने के बाद तमाम नियम कायदे बताता है, लेकिन अपात्रों को कार्ड जारी होने को लेकर विभाग पर कोई जवाब नहीं होता।
बताया जाता है कि तमाम अपात्रों को कार्ड राजनीतिक हस्तक्षेप के जरिए थमाए गए हैं। विभागीय मिलीभगत से योजना में बड़ा घालमेल चल रहा है। इससे साफ है कि सरकार की गरीबों को राशन देने की योजना उन तक नहीं पहुंच रही है।
---------
नोटिस देने के बाद सिफारिशों का चलता है दौर
विभागीय अधिकारी बताते हैं कि कई बार जांच के दौरान अपात्र सामने आने पर नोटिस देकर कार्ड सरेंडर करने के लिए कहा जाता है। लेकिन इसके बाद राजनीतिक सिफारिशों का दौर शुरू हो जाता है। ऐसे में कई बार कार्रवाई को टालना पड़ता है।
---------
ग्राम पंचायतों में जांच ठप
जिले में अंत्योदय कार्डधारकों के सत्यापन का काम ग्राम पंचायतों में ठप चल रहा है। बताया जाता है कि जांच के लिए राजस्व विभाग के लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारियों को लगाया गया है। लेकिन वे जांच को पहुंच नहीं रहे हैं।