चोरी करने वाले गैंग के चार सदस्य पकड़े
झांसी। थाना प्रेमनगर पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। चारों के कब्जे से चोरी की दो बाइकों समेत जेवरात व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने चारों से पूछताछ कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपियों पर प्रेमनगर व मोंठ थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं।
महानगर में चोरियों की घटनाओं के मद्देनजर एसएसपी ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंगलवार को प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक आशीष मिश्रा को सूचना मिली कि चोरियां करने वाला एक गिरोह कमल सिंह कॉलोनी रोड के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दो बाइकों पर चोरी करने वाले गिरोह के चारों सदस्योें को पकड़ा। मौके पर चारों बाइक के कागजात भी नहीं दिखा सके। पूछताछ में चारों ने अपने नाम थाना रक्सा के अठौंदना निवासी चंद्रभान पाल उर्फ गिल्लू, मिथुन कुशवाहा, पुनावलीकला निवासी रूपपाल सिंह व थाना प्रेमनगर के सुम्मेर नगर निवासी पुष्पेंद्र अहिरवार बताए।
चारों के पास से जेवरात, एलसीडी टीवी, 9800 रुपये व अन्य चोरी का माल भी मिला। इसके अलावा, चोरी में प्रयुक्त सामान, तमंचा व कारतूस भी मिले हैं। पूछताछ में बताया कि बरामद बाइक एक माह पहले थाना मोंठ व हंसारी से चोरी की थी। इसके साथ ही क्षेत्र के सर सैयद नगर, बिजौली में भी चोरी की घटनाआें को अंजाम दे चुके हैं। जिसकी एफआईआर भी दर्ज है। टीम में एसआई विपिन द्विवेदी, गुलाम फरीद, शिवकरन सिंह, लोकेंद्र सिंह, शैलेेंद्र शुक्ला, भानू प्रकाश थे।