झांसी। झांसी - खजुराहो फोर लेन पर सामने आए निर्माण कार्यों पर रोक लगाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह जिम्मेदारी मऊरानीपुर के उप जिलाधिकारी तथा क्षेत्राधिकारी टहरौली को सौंपी गई है।
झांसी के दिगारा से विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो के बमीठा तक 164 किलोमीटर लंबे फोर लेन मार्ग का निर्माण किया जाना है। वैसे तो नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने इसकी तैयारियों को साल 2010 में ही अंतिम रूप दे दिया था। फोर लेन के लिए मार्ग चिह्नित कर लिया गया था। लेकिन, इसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया। अब एक बार फिर एनएचएआई ने उक्त फोर लेन निर्माण की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
लेकिन, शुरुआत से पहले ही बाधाएं सामने आने लगी हैं। निर्माण कार्यों ने प्रस्तावित मार्ग पर अवरोध खड़ा कर दिया है। एनएचएआई द्वारा किए गए सर्वे में मऊरानीपुर में फोर लेन के लिए चिह्नित मार्ग में कालोनी का निर्माण सामने आया है। प्रस्तावित रास्ते पर मकान बनते पाए गए हैं। एनएचएआई ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को देते हुए रास्ता साफ कराने की बात कही है। प्रशासन ने मऊरानीपुर के उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी पुलिस को तत्काल प्रस्तावित सड़क मार्ग पर हो रहे निर्माण कार्य रुकवाने के आदेश जारी किए हैं।