अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा देने वाले प्रयागराज निवासी हृदय सिंह यादव को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। जिस छात्र की जगह वह परीक्षा देने पहुंचा था, उसे भी पुलिस तलाश रही है।
श्रीगुरुनानक खालसा इंटर कॉलेज में पहली पाली की परीक्षा के दौरान आईडी मिलान न होने पर केंद्र व्यवस्थापक ने परीक्षा कक्ष संख्या-छह से प्रयागराज के थरवई निवासी हृदय सिंह यादव को पकड़ा था। पूछताछ में उसने दूसरे की जगह परीक्षा देने की बात कुबूल की थी। रविवार देर रात केंद्र व्यवस्थापक जितेंद्र सिंह भोगाल ने सीपरी बाजार थाने में हृदय समेत सोरांव निवासी सुनील कुमार पटेल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। उनके खिलाफ उप्र सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश समेत बीएनएस की पांच विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सुनील की जगह हृदय परीक्षा देने पहुंचा था। पूछताछ में हृदय यादव ने बताया कि सुनील उसका दोस्त है। दोनों तेलियरगंज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। सुनील के कहने पर वह उसकी जगह परीक्षा देने के लिए राजी हुआ। वहीं, थाना प्रभारी आनंद सिंंह का कहना है कि आरोपी युवक से पूछताछ में पैसों के लेने देन संबंधी बात उजागर नहीं हुई। दूसरे आरोपी सुनील की गिरफ्तारी करके उससे भी पूछताछ होगी।