झांसी। रेलवे के अलग- अलग विभागों ने बुधवार को दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक मेगा ब्लॉक लेकर पटरियों पर मेंटेनेंस काम कराया। ओएचई लाइन, मोटर, पटरियों के प्वाइंट आदि को दुरुस्त करने का काम किया गया। इस कार्य के लिए चार टावर वैगन लगाई गई। इस बीच मालगाड़ियों का संचालन थमा रहा।
कोरोना वायरस के चलते रेलवे ने 23 मार्च से सवारी गाड़ियों का संचालन पूरी तरह बंद कर रखा है। मालगाड़ियों से भी सिर्फ आवश्यक वस्तुओं का परिवहन हो रहा है। झांसी से प्रतिदिन 25 से 30 मालगाड़ी अप और डाउन दिशा में गुजर रहीं हैं। ऐसे में रेलवे के लिए पटरियों का मेंटेनेंस कार्य करना आसान हो गया है। बुधवार को दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक एसी लोको शेड पुलिया नंबर नौ से सीपरी बाजार कच्चे पुल तक सभी पटरियों पर मेंटेेनेंस काम किया गया। इस दौरान ओएचई लाइन के सभी प्वाइंट की जांच की गई। पटरियों के प्वाइंट व मोटरों का निरीक्षण किया गया। कार्य की निगरानी के लिए टीआरडी, इंजीनियरिंग व परिचालन के सुपरवाइजर लगे रहे।