झांसी। आत्मनिर्भर भारत समेत केंद्र एवं प्रदेश सरकार की दूसरी उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए यहां के छह लाभार्थियों को करीब साढ़े चार करोड़ का ऋण वितरित किया गया। इसके पहले लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हस्तशिल्पियों के कौशल विकास प्रशिक्षण, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के लिए प्रशिक्षण, ओडीओपी विपणन प्रोत्साहन योजना की ऑनलाइन प्रक्रिया का उद्घाटन किया।इस दौरान उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान को सरकार की प्राथमिकताओं में बताया। कहा, रोजगार देकर लोगों कोक स्वावलंबी बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
इसके पश्चात जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने यहां एनआईसी केंद्र से ऑनलाइन रोजगार संगम के जरिए लाभार्थियों के बीच स्वीकृति वितरण पत्र वितरित किए। जिलाधिकारी ने कहा शासन की मंशा के मुताबिक आत्मनिर्भर भारत अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वराज योजना, स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, वित्तीय सहायता योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं आत्मनिर्भर भारत योजना के जरिए कुल छह लाभार्थियों को 4.21 करोड़ का ऋण दिया गया। इस दौरान सीडीओ शैलेष कुमार, डीसी उद्योग सुधीर कुमार, एलडीएम पवन कुमार, अमित, डीआईओ आसिफ खान समेत अन्य उपस्थित थे।