बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने में चार पर कार्रवाई
झांसी। बच्चा चोरी की अफवाह रविवार को भी तैरती रही। हालांकि, इस पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अफवाह फैलाकर शांति भंग करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने भी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पिछले तीन-चार दिनों से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में बच्चों की चोरी की अफवाह जोर पकड़े हुए है। हालांकि, अब तक एक भी व्यक्ति ऐसा सामने नहीं आया है, जिसका बच्चा गायब हुआ हो। अफवाहों का आलम ये है कि शक में लोग मारपीट तक पर आमादा हो गए हैं। लेकिन, अब इस पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। थाना कोतवाली पुलिस ने अफवाह फैलाकर क्षेत्र की शांति भंग करने के आरोप में मछली मंडी के पास निवासी अजय, आकाश, रामरतन और शंकर के खिलाफ कार्रवाई की है।
उल्लेखनीय है कि बीते रोज बच्चा चोरी के शक में पंचकुइयां के पास भीड़ ने एक महिला को घेर लिया था। डड़ियापुरा में एक विक्षिप्त के साथ मारपीट की गई थी। जबकि, रक्सा क्षेत्र में भी कुछ लोगों को पीटा गया था। इसके अलावा भी अन्य घटनाएं सामने आईं थीं, लेकिन पड़ताल में बच्चा चोरी जैसी कोई घटना सामने नहीं आई। रविवार को भी एवट मार्केट में एक महिला को बच्चा चोरी के शक में पकड़ कर पीटा गया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।